if (window.top.location.href !== window.self.location.href && !window.top.location.href.startsWith('https://www.swargarohan.org/')) { window.top.location.href = window.self.location.href; }

Swargarohan | સ્વર્ગારોહણ

Danta Road, Ambaji 385110
Gujarat INDIA
Ph: +91-96015-81921

अनसूया
महर्षि व्यास के विराट व्यक्तित्व को अंजलि देकर, प्रभात के प्रथम प्रहर में, हम अनसूया माता के स्थान गये । मंदिर सरितातट से थोडी दूरी पर है । अनसूया माता के बारे में यह कथा सुप्रसिद्ध है । एक दफा ब्रह्मा, विष्णु तथा महेश, उनकी पवित्रता की परीक्षा करने अत्रि मुनि के आश्रम गये । अनसूया माता उनको भीक्षा देने लगी तो तीनों ने हठ ली की वो निर्वस्त्र होकर भीक्षा दें, तभी वो उसका स्वीकार करेंगे । अनसूया ने अपने योगबल से तीनों को शिशु बना दिया और भिक्षा दी । जब तीनों अपने मूल रूप में आये, तो उन्हें अपने किये पर पछतावा हुआ । अनसूया माता की माफी माँगकर तीनों आश्रम से निकल पडे । अत्रि ऋषि को जब यह पता चला तो वो आश्चर्यचकित रह गये ।

एक और कथा प्रसिद्ध है, जिसका उल्लेख पुराणों में है । एक पतिव्रता स्त्री को मालूम पडा की सूर्योदय होते ही उसका पति मर जायेगा तो उसने अपने प्रभाव से सूर्य को उदय होते रोक दिया । कई दिनों तक संसार में अंधेरा छाया रहा । इसका हल ढूँढने देवतागण अनसूया के पास गये । अनसूया माता ने उनको आश्वासन दिया और कहा की सूर्योदय जरूर होगा । अनसूया वो स्त्री के पास गयी और उसे कहा की ‘अगर मैं मन-वचन-कर्म से पतिव्रता हूँ तो तेरा पति जिन्दा रहेगा, उसे कुछ नहीं होगा ।’ इस पर भरोंसा करके स्त्रीने सूर्योदय होने दिया । मगर जैसे ही सूर्योदय हुआ, स्त्री का पति श्राप के कारण मर गया । तभी अनसूया ने अपनी शक्ति से उसे फिर जिन्दा किया ।

अनसुया के घर चंद्रमा, दुर्वासा और दत्तात्रेय के रुप में तीन देवों ने जन्म लिया था । अनसूया नारी की विराट शक्ति का प्रतीक है । संयम के स्थान पर स्वच्छंदता और शक्ति के स्थान पर निर्बलता के प्रतीक हुए भारत के स्त्रीपुरुषों को देखकर अत्रि, अनसूया तथा दत्तात्रेय के दिल पर क्या बीतती होगी ? चोबीस गुरुओं से प्रेरणा लेनेवाले, और संसार के प्रत्येक पदार्थ से अपनी गुणग्राहकता से सार ग्रहण करनेवाले हे दत्त भगवान, आप हमारे देशवासीयों में सेवा, शक्ति, स्नेह और देशभक्ति भरो ! अनसूया माता के स्थान में हम इसके अलावा क्या प्रार्थना कर सकते थे ?
*
सीसोदरा का आश्रम
अनसूया माता का स्थान देखकर हम सीसोदरा गये । सीसोदरा सीनोर के बिल्कुल सामने पडता है । यहाँ आते आते ग्यारह बज गये, इसलिये धूप काफि हो चुकी थी । यहाँ गाँव से थोडी दूरी पर एक आश्रम है । इस आश्रम के ट्रस्टी कोठारीजी का आग्रह था की मैं वहाँ आउँ और अगर मुझे यह स्थान पसंद आये तो जब भी गुजरात आउँ, यहाँ रहकर साधना करुँ । आश्रम में हमें दो साधुपुरुष मिले, जिन्होंने हमारे रहने का इन्तजाम किया ।

आश्रम की जगह अच्छी थी । चारों ओर आम्रवृक्ष थे, पानी के लिये हेन्डपंप लगा था । हालाकि सरितातट पर न होने के कारण आश्रम की शोभा कुछ फिकी लगी । आश्रम में एक स्वामीजी अपनी पत्नी के साथ रहते थे । उन्होंने अपना नाम राम और सीता तथा अपने शिष्य का नाम पवनसुत रक्खा था । जब हम वहाँ गये तो स्वामीजी बंबई गये थे, तथा उनका शिष्य नागपुर गया था । इनके अलावा एक गुजराती परिवार अपने चार संतानो के साथ आश्रम में रहता था । परिवार के मुखिया का नाम ब्रह्मचारी था । उनका स्वभाव विवेकी और मिलनसार लगा । एसे पचरंगी वातावरण में रहने का मन नहीं हुआ । इसलिये एक-दो दिन रहकर हम सिनोर आये ।

सिनोर नर्मदातट पर स्थित महादेव का स्थान है । ये भीडभाड से दूर और कुछ उँचाई पर होने के कारण साधना के लिये योग्य लगा । यहाँ धर्मशाला तथा अन्य आवश्यक सुविधा है । सिनोर से दोपहर की ट्रेन में हम मालसर आये । मालसर अपने तीन मंदिरो की वजह से प्रख्यात है । इनमें से एक माधवदासजी का है, जो हिमालय में साधना करके यहाँ आये थे, और सिद्धपुरुष थे । मालसर से हम सिनोर आये और वहाँ से बडौदा के लिये रवाना हुए । हमारी एक सप्ताह की नर्मदा-यात्रा इस तरह पूर्ण हुई ।

नर्मदातट की यात्रा करने का प्रधान लक्ष्य सीसोदरा के आश्रम का मोआईना करना तथा तटवर्ती स्थानों का नजारा करना था । मुझे पहली नजर में, साधना के लिये कोई स्थान पसंद नहीं आया । हम शूलपाणेश्वर नहीं गये, इसलिये उसके बारे में कुछ बता नहीं सकता ।

अधिक वैशाख मास चल रहा था । इस पवित्र महिने में साबरमती और नर्मदा – दो नदीयों के दर्शन-सेवन का लाभ मिला । अब गंगाजी की बारी थी ।

We use cookies

We use cookies on our website. Some of them are essential for the operation of the site, while others help us to improve this site and the user experience (tracking cookies). You can decide for yourself whether you want to allow cookies or not. Please note that if you reject them, you may not be able to use all the functionalities of the site.